Loading...

बारिश ने खोली नगर निगम के सफाई दावों की पोल, वृंदावन के मुख्य बाजारों में भरा पानी

Gargachary Times 21 July 2026, 21:24 35 views
Mathura
बारिश ने खोली नगर निगम के सफाई दावों की पोल, वृंदावन के मुख्य बाजारों में भरा पानी
​वृंदावन। पुनीत शुक्ला थोड़ी सी बारिश होने के चलते धार्मिक नगरी वृंदावन के मुख्य बाजारों और संपर्क मार्गों पर जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से स्थानीय दुकानदारों, निवासियों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। जमीनी स्थिति को देखते हुए साफ जाहिर हो रहा है कि मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियान केवल कागजी खानापूर्ति तक ही सीमित हैं। ​शहर की नालियां और नाले गाद (सिल्ट) व कचरे से अटे पड़े हैं। सफाई के अभाव में थोड़ी सी बारिश होते ही नालियां उफनने लगती हैं और दूषित पानी सड़कों व दुकानों के बाहर बहने लगता है। कुछ ही दिन पूर्व बड़े प्रशासनिक अधिकारियों, संतों और समाजसेवियों की मौजूदगी में वृंदावन में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान का ढांचा तैयार किया गया था। लेकिन यह अभियान जमीनी सुधार लाने के बजाय महज फोटो खिंचवाने और प्रचार-प्रसार तक सीमित होकर रह गया। ​स्थानीय निवासियों का कहना है कि केवल एक दिन के सांकेतिक सफाई अभियान से वृंदावन जैसे विशाल धार्मिक क्षेत्र को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता। जब तक नगर निगम की ओर से नालियों और बड़े नालों की नियमित रूप से गहरी सफाई नहीं कराई जाएगी, तब तक ओवरफ्लो की यह समस्या बनी रहेगी। अब क्षेत्र की जनता की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस बदहाली के बाद नगर निगम प्रशासन कोई ठोस और स्थायी कदम उठाता है या फिर यह समस्या यूं ही ठंडे बस्ते में चली जाएगी।
Follow Samachar24