बेहतर समन्वय से हल होंगी होटल उद्योग की समस्याएं : महेंद्र प्रताप
Gargachary Times
22 July 2026, 19:29
46 views
Mathura
मथुरा। लखनऊ अग्निकांड के बाद होटल उद्योग के समक्ष खड़ी चुनौतियों और सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर बुधवार को बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में मथुरा-वृंदावन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की बैठक आयोजित हुई। इसमें होटल एवं व्यापार उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने नियमों की जानकारी देने के साथ उनके समाधान का भरोसा भी दिलाया।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने कहा कि होटल, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। हाल की घटनाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि लापरवाही से जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती है। इसलिए शासन भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने नेशनल बिल्डिंग कोड और अग्निशमन नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि भवन की ऊंचाई और श्रेणी के अनुसार सुरक्षा मानक निर्धारित हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई होटल पुराना है और उसके स्वीकृत नक्शे में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है, तो नियमानुसार उसका परीक्षण कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। क्षेत्रीय
पर्यटन अधिकारी
ने होटल पंजीकरण की प्रक्रिया और उससे जुड़ी औपचारिकताओं की जानकारी दी तथा सभी संचालकों से समय पर पंजीकरण और आवश्यक मानकों का पालन करने की अपील की। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष सिंह, सहायक नगर आयुक्त नीरज कुमार ने भी कारोबारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मथुरा-वृंदावन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि होटल उद्योग की समस्याओं का समाधान प्रशासन, होटल संचालकों और व्यापार उद्योग के बीच बेहतर समन्वय से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों से उद्योग की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए मानकों को पूरा करने के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की। साथ ही होटल संचालकों से सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने का आह्वान किया।
बैठक में होटल संचालकों और व्यापारियों ने फायर एनओसी, भवन मानकों, होटल पंजीकरण तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने होटलों को सील न किए जाने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द ही एक और संयुक्त बैठक आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक का संयुक्त संचालन एसोसिएशन के सचिव आर.बी. चौधरी एवं व्यापारी नेता शशिभानु गर्ग ने किया। इस अवसर पर मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण, नगर निगम, अग्निशमन विभाग और पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। व्यापारी नेता सुनील अग्रवाल, सुनील साहनी, होटल संचालक राजा भोज, राजन अग्रवाल, सौरभ, मथुरी अग्रवाल, विजय चतुर्वेदी, ध्रुव अग्रवाल, गुरमुख दास, एडवोकेट प्रवेंद्र गुप्ता, ठाकुर अभय प्रताप सिंह, विनोद दीक्षित
सहित बड़ी संख्या में होटल एवं व्यापार उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।