सरकारी योजनाओं ने बदली रईस अहमद की जिंदगी: आयुष्मान से मिला कैंसर का इलाज, अंत्योदय राशन और उज्ज्वला योजना बने सहारा
Gargachary Times
23 July 2026, 20:12
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में जनपद में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों का एक प्रेरणादायक उदाहरण हबीबगंज निवासी रईस अहमद हैं, जिनकी जिंदगी सरकारी योजनाओं के सहयोग से नई उम्मीद लेकर आई है।रईस अहमद के परिवार में पत्नी और दो बच्चों सहित कुल चार सदस्य हैं। कुछ समय पहले उन्हें माउथ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का पता चला। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए इस बीमारी का इलाज कराना बेहद कठिन था, लेकिन आयुष्मान भारत योजना ने उनके लिए जीवनरक्षक साबित होकर उन्हें समय पर निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया।
इलाज के साथ-साथ अंत्योदय राशन कार्ड के माध्यम से उनके परिवार को प्रतिमाह 35 किलोग्राम राशन मिलने लगा, जिससे बीमारी के दौरान परिवार के भरण-पोषण की चिंता काफी हद तक कम हो गई। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन और सिलेंडर मिलने से उनके घर की रसोई धुएं से मुक्त हुई और परिवार को स्वच्छ ईंधन का लाभ मिला।
रईस अहमद ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि कैंसर का पता चलने के बाद उन्हें लगा था कि अब सब कुछ खत्म हो जाएगा, लेकिन आयुष्मान भारत योजना से उनका इलाज संभव हो सका और आज वह स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने बताया कि अंत्योदय कार्ड से मिलने वाला राशन और उज्ज्वला योजना का लाभ उनके परिवार के लिए बड़ी राहत बना है। अब वह अपने बच्चों की पढ़ाई पर भी ध्यान दे पा रहे हैं।रईस अहमद ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं के कारण उनका परिवार सुरक्षित और बेहतर जीवन जी रहा है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रईस अहमद की कहानी इस बात का प्रमाण है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों का जीवन बदलने और उन्हें नया संबल देने का काम कर रही हैं।