Loading...

आवास योजनाओं की समीक्षा में डीएम संतोष कुमार शर्मा सख्त: पात्र गरीबों को प्राथमिकता, पारदर्शी सत्यापन के दिए निर्देश

Gargachary Times 23 July 2026, 20:13 43 views
Firozabad
आवास योजनाओं की समीक्षा में डीएम संतोष कुमार शर्मा सख्त: पात्र गरीबों को प्राथमिकता, पारदर्शी सत्यापन के दिए निर्देश
फिरोजाबाद: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री ग्रामीण एवं शहरी आवास योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण/शहरी) के अंतर्गत आवास आवंटन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ब्लॉकवार आवास आवंटन के लक्ष्यों में असमानता पर असंतोष जताया। उन्होंने निर्देश दिए कि आवास आवंटन केवल आंकड़ों के आधार पर नहीं, बल्कि जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति और वास्तविक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तार्किक आधार पर किया जाए।मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दिव्यांगजन, निराश्रित विधवाओं, दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों तथा शून्य गरीबी (जीरो पावर्टी) श्रेणी के पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उन्हें आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतवार विधवा एवं दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों की सूची का मिलान कर वास्तविक जरूरतमंदों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस के अंतर्गत विवादित (डिस्प्यूटेड) अथवा एआई द्वारा चिन्हित मामलों का दोबारा पारदर्शी सत्यापन कर नियमानुसार निस्तारण करते हुए समय पर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) की समीक्षा के दौरान शहरी क्षेत्र के लंबित आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कराने तथा निकायवार अद्यतन आंकड़े प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनपद के प्रत्येक बेघर, दिव्यांग एवं अत्यंत गरीब परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास आवंटन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ हर हाल में पहुंचाया जाए।
Follow Samachar24