Loading...

एनआरएलएम समीक्षा बैठक में डीएम संतोष कुमार शर्मा सख्त: खराब प्रदर्शन पर कार्रवाई की चेतावनी, 100% लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

Gargachary Times 23 July 2026, 20:13 46 views
Firozabad
एनआरएलएम समीक्षा बैठक में डीएम संतोष कुमार शर्मा सख्त: खराब प्रदर्शन पर कार्रवाई की चेतावनी, 100% लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
फिरोजाबाद: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास खंडवार प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा सभी योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान नारखी और शिकोहाबाद ब्लॉक में ब्लॉक मिशन मैनेजर एवं एडीओ (आईएसबी) के खराब प्रदर्शन और लक्ष्य प्राप्ति में ढिलाई पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों के कार्य संतोषजनक न होने पर उन्हें तत्काल हटाकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी योजना में कागजी प्रगति स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी ग्राम पंचायतों में पात्र परिवारों और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों एवं आजीविका अभियानों से शत-प्रतिशत जोड़ा जाए।बैठक में स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खोलने, रिवॉल्विंग फंड (आरएफ), कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (सीआईएफ) तथा कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। बैंक स्तर पर आ रही समस्याओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक (एलडीएम) को निर्देश दिए कि जिन 8-9 प्रमुख बैंकों में फाइलें लंबित हैं, वहां व्यक्तिगत समन्वय स्थापित कर खातों के संचालन और क्रेडिट लिंकेज की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए।बैठक में 'लखपति दीदी' योजना के अंतर्गत आजीविका रजिस्टर की फीडिंग एवं लाभार्थियों की पहचान के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्युत सखियों के नए मोबाइल ऐप पर माइग्रेशन और वॉलेट रिचार्ज की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा गया। महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने जसराना, टूंडला सहित सभी विकास खंडों के ब्लॉक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर समूहों द्वारा संचालित 'मॉडल प्रेरणा कैंटीन' स्थापित करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उपायुक्त स्वतः रोजगार, संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी, एडीओ (आईएसबी), ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24