फिरोजाबाद में उद्योग बंधु की बैठक: औद्योगिक समस्याओं के समाधान के लिए डीएम सख्त, अलग इंडस्ट्रियल फीडर और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
Gargachary Times
23 July 2026, 20:14
50 views
Firozabad
फिरोजाबाद: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के उद्यमियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं, जलभराव, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, बिजली आपूर्ति तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों और शहर से बाहर स्थित इकाइयों में लगातार ट्रिपिंग और शटडाउन की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को अलग इंडस्ट्रियल फीडर की व्यवस्था के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जनपद में आलू उत्पादन की प्रचुरता को देखते हुए आलू आधारित खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने तथा किसानों और उद्यमियों को जोड़ने के लिए सीएफसी मॉडल और क्लस्टर विकास पर भी चर्चा हुई। उद्यमियों ने आलू की गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे आलू उत्पादों का बड़े बाजारों तक बेहतर विपणन संभव होगा और नए उद्योग स्थापित किए जा सकेंगे।
उद्योगपतियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता, सड़क, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समस्याएं भी रखीं। आकाशवाणी रोड सहित प्रमुख बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में दुकानों के बाहर अवैध अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने नगर निगम को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर चालान, जब्तीकरण और स्थायी रूप से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।बरसात के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों और इंडस्ट्रियल एस्टेट में जलभराव से उत्पादन प्रभावित होने और लाखों रुपये के नुकसान की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निकासी और नालों की सफाई के लिए विशेष टीमें गठित कर तत्काल कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले को 1900 आवेदनों का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 1248 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 1186 आवेदन बैंकों को भेजे गए, लेकिन अब तक केवल 305 आवेदनों पर ही ऋण वितरित किया गया है। इस धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक को खराब प्रदर्शन करने वाली बैंक शाखाओं की अलग से समीक्षा कर लंबित मामलों का शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में उद्योगों के विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उद्योग सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग संध्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्योगपति उपस्थित रहे।