शिक्षक करनपाल सिंह का 'पॉकेट डायरी' नवाचार राज्यस्तरीय 'उद्गम' पोर्टल पर चयनित
Gargachary Times
24 July 2026, 20:27
38 views
Mathura
मथुरा। विकासखंड राया के उच्च प्राथमिक विद्यालय शेरनी (1-8) में कार्यरत शिक्षक करनपाल सिंह का प्रसिद्ध शैक्षिक नवाचार 'पॉकेट डायरी' राज्य स्तरीय 'उद्गम' पोर्टल (आइडिया बैंक रिपोजिटरी ऑफ उत्तर प्रदेश) पर चयनित हुआ है।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तर प्रदेश के संयुक्त निदेशक (एसएसए) डॉ. पवन कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पोर्टल पर प्राप्त प्रविष्टियों की स्क्रीनिंग के उपरांत प्रदेश भर के चयनित शिक्षकों में करनपाल सिंह का नाम शामिल किया गया है।
शिक्षक करनपाल सिंह वर्ष 2023 से अपने विद्यालय में 'पॉकेट डायरी' नवाचार का प्रयोग कर रहे हैं। वर्तमान में उन्होंने 20 प्रकार की पॉकेट डायरियां तैयार की हैं। इस नवाचार का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वयं पढ़ने (स्व-पठन) की आदत विकसित करना है।
"शिक्षा केवल विद्यालय की चारदीवारी यह स्कूल बैग तक सीमित नहीं होनी चाहिए, वह बच्चों की जेब तक पहुँचनी चाहिए।"
— करनपाल सिंह (शिक्षक)
बच्चे इन छोटी डायरियों को अपनी जेब में रखकर खेतों पर काम करते समय या दोस्तों के साथ खेलते समय आसानी से ले जाते हैं और फुर्सत के पलों में पढ़ाई करते हैं। डिजिटल युग में इतने छोटे बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से दूर रखने तथा निपुण भारत व FLN (मूलभूत साक्षरता और संख्याज्ञान) के लक्ष्यों को पूरा करने में यह प्रयोग बेहद कारगर सिद्ध हो रहा है।
शिक्षक द्वारा यह पॉकेट डायरियां सभी विद्यालयों में बच्चों को मुफ़्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में प्रदेश भर के लगभग 500 विद्यालयों में इस नवाचार का सफल प्रयोग किया जा रहा है। शिक्षक करनपाल सिंह के इस अनूठे प्रयास की पूर्व में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) भी सराहना कर चुके हैं।