Loading...

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने शिकोहाबाद में कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण

Gargachary Times 24 July 2026, 20:39 37 views
Firozabad
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने शिकोहाबाद में कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण
फिरोजाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शुक्रवार को शिकोहाबाद स्थित एटा चौराहा तथा आरौंज पुल कटरा बाजार (एटा-जसराना सीमा मार्ग) का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्ग की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि मार्ग पर जहां भी गड्ढे या जलभराव की समस्या है, उन्हें तत्काल भरवाकर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि कांवड़ियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके अलावा यात्रा मार्ग में पड़ने वाली नहरों के समीप दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
Follow Samachar24