Loading...

मक्खनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 13.198 किलो चरस के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, कीमत करीब ₹3 करोड़

Gargachary Times 25 July 2026, 20:12 51 views
Firozabad
मक्खनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 13.198 किलो चरस के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, कीमत करीब ₹3 करोड़
फिरोजाबाद: जनपद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसओजी, सर्विलांस और थाना मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतर्राज्यीय चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 13.198 किलोग्राम अवैध चरस, एक मोबाइल फोन और ₹1,200 नकद बरामद किए हैं। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹3 करोड़ बताई गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एएसपी क्राइम राजेश गुनावत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस और थाना मक्खनपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिल्टीगढ़ रोड स्थित कब्रिस्तान के पास खोखे के निकट से आरोपी विजय पुत्र रामाधार निवासी ग्राम गोनाहा चैनपुर, थाना रक्सौल, जनपद मोतीहारी (बिहार) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी नेपाल और बिहार के रास्ते कम कीमत पर चरस खरीदकर विभिन्न राज्यों में चार से पांच गुना अधिक कीमत पर बेचता था। वह चरस को बैग में छिपाकर तस्करी के लिए ले जा रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवाओं को नशे का आदी बनाकर उनके भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाले नेटवर्क से जुड़ा है और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना मक्खनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 216/2026, धारा 8/20B(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक प्रेमशंकर पाण्डेय, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार, थाना प्रभारी चमन कुमार शर्मा सहित एसओजी, सर्विलांस और मक्खनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
Follow Samachar24