खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, 20 नमूने जांच को भेजे, कांवड़ मार्ग पर बढ़ी निगरानी
Gargachary Times
25 July 2026, 20:15
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद: कांवड़ यात्रा और वर्षा ऋतु को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को जनपदभर में व्यापक अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) चंदन पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 20 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।अभियान के तहत बटेश्वर रोड स्थित ग्राम नसीरपुर में आगरा के फरेरा निवासी वाहन चालक हरेंद्र शर्मा से जनपद में आपूर्ति के लिए लाई जा रही पनीर की खेप से दो नमूने लिए गए। वहीं टूंडला स्थित एक डेयरी से संदेह के आधार पर खोया का नमूना संग्रहित किया गया।
इसके अलावा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से मिश्रित दूध के 10 नमूने तथा वर्षा ऋतु में शीघ्र खराब होने वाली मिठाइयों के दो नमूने लिए गए। शिकोहाबाद के बड़ा बाजार स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान से घी के पांच नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए।अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कमियां मिलने पर सुधार नोटिस भी जारी किए। टीम में प्रभारी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद्र तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार, विनोद वर्मा, जितेंद्र कुमार सिंह, अरुण कुमार और डॉ. मनोज कुमार शामिल रहे।
सहायक आयुक्त (खाद्य) चंदन पाण्डेय ने बताया कि वैज्ञानिक अध्ययन के लिए 50 सर्विलांस नमूने भी प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनका उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के रुझानों का अध्ययन करना है। कांवड़ मार्ग पर खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 अतिरिक्त सर्विलांस नमूने भी लिए गए हैं। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को चेकलिस्ट के आधार पर कांवड़ मार्ग स्थित दुकानों और भंडारों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।