Loading...

नारखी पुलिस मुठभेड़ में बकरी चोरी गैंग के दो शातिर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Gargachary Times 25 July 2026, 20:19 40 views
Firozabad
नारखी पुलिस मुठभेड़ में बकरी चोरी गैंग के दो शातिर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद: थाना नारखी पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बकरी चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के दो शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बकरियां, अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार और ₹15,000 नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 7 जून को ग्राम बैंदीपुर विदरखा तथा 4 जुलाई को कांशीराम नई कॉलोनी पचवान से बकरियां चोरी होने के मामलों में थाना नारखी में मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना नारखी पुलिस और सर्विलांस सहित चार टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सौरभ और सोनवीर उर्फ बंटी की संलिप्तता सामने आई। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बैंदी की पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी सोनवीर उर्फ बंटी भागने का प्रयास करते हुए घेराबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पुत्र जगदीश और सोनवीर उर्फ बंटी पुत्र जगदीश के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से ग्राम सैफपुर, थाना सिरसागंज के निवासी हैं और वर्तमान में आगरा के शांति नगर क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की दो बकरियां, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार (डीएल 2सी एएन 7682) तथा चोरी की बकरियां बेचकर प्राप्त ₹15,000 बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सौरभ के विरुद्ध आर्म्स एक्ट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि सोनवीर के खिलाफ भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Follow Samachar24