Loading...

राजीव इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने किया शहीदों को नमन, कारगिल विजय दिवस पर प्रस्तुत किए देशभक्तिपूर्ण गीत और कार्यक्रम

Gargachary Times 27 July 2026, 19:36 39 views
Education
राजीव इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने किया शहीदों को नमन, कारगिल विजय दिवस पर प्रस्तुत किए देशभक्तिपूर्ण गीत और कार्यक्रम
मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। स्कूल में सुबह से ही देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा से हुई। प्रार्थना सभा का शुभारम्भ स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने अमर शहीद विक्रम बत्रा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने शहीदों को सलाम सामूहिक गीत सुनाकर सभी को भावविभोर कर दिया। तत्पश्चात अनिका झा एवं मानव अग्रवाल ने अपनी-अपनी स्पीच के माध्यम से अमर शहीदों के बलिदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सन् 1999 में 60 दिनों तक चले कारगिल युद्ध में 26 जुलाई को भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। गौरीबर्धन ने देशभक्तिपूर्ण कविता के माध्यम से अमर शहीदों को नमन किया। कारगिल विजय दिवस पर छात्र-छात्राओं को डीजी बोर्ड के माध्यम से कारगिल युद्ध की डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सेना के योगदान और राष्ट्र सुरक्षा के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों ने कहा कि देश के प्रति जिम्मेदारी का भाव बचपन से ही विकसित होना जरूरी है। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को बताया कि वीर सैनिकों का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। अंत में सभी ने शहीद सैनिकों को नमन करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्य़क्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के अद्भुत साहस और पराक्रम की प्रशंसा करते हुए बताया कि देश के वीर जवानों ने विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए दुश्मनों को परास्त किया और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सच्चाई तो यह है कि हमारा देश सैनिकों के कारण ही सुरक्षित है। स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक तारीख नहीं है, बल्कि यह सैनिकों के अटूट साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। श्री अग्रवाल ने कहा कि हमें अपने वीर जवानों पर गर्व करना चाहिए और उनके अनुशासन, साहस तथा देशप्रेम से प्रेरणा लेनी चाहिए। स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि अमर बलिदानियों की शहादत तभी सफल होगी जब आने वाली पीढ़ी के मन में भी देशभक्ति की प्रखर भावना होगी। कारगिल विजय दिवस समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन अनुष्का बंसल एवं आर्य प्रताप सिंह ने किया।
Follow Samachar24