जो लोग चढ़ावा चोरी नहीं बचा पाए वह पेपर लीक कैसे बचाएंगे: अखिलेश यादव
Gargachary Times
28 July 2026, 20:44
45 views
Delhi
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने नीट परीक्षा लीक के खिलाफ हुए आन्दोलन के लिए छात्रों और नई पीढ़ी के मनोबल, एकता और उनके प्रचार को बधाई देते हुए कहा कि छात्रों-नौजवानों ने केन्द्र सरकार को झुका दिया। नौजवानों को, सरकार को झुकाना आता है। इसीलिए आन्दोलन की जीत के बाद नारा लगा- झुकती है सरकार, झुकाने वाला चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस्तीफे के बाद जब धर्मेन्द्र प्रधान अगले दिन सदन में आये तो भाजपा के सांसदों ने उनका स्वागत किया, क्योंकि एक प्रधान को हटाकर सांसदों और सरकार ने प्रधानमंत्री को बचा लिया। सांसदों और सरकार ने राहत की सांस ली, इसीलिए धर्मेन्द्र प्रधान का स्वागत किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा आन्दोलन पहले किसी ने नहीं देखा था। नई पीढ़ी के लोग खुद निकल कर इस आन्दोलन में आये। यह सरकार पिछले कई वर्षों से नकारात्मक प्रचार पर टिकी थी। यह नकारात्मक राजनीति करती है। नकारात्मक राजनीति पर करोड़ों रूपये खर्च करती है। लेकिन नई पीढ़ी ने अपनी एकता मनोबल और प्रचार के तरीके से भाजपा सरकार को झुका दिया।
मंगलवार को लोकसभा में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार झुकी और करोड़ों लोगों की मांग को पूरा करना पड़ा। लेकिन जिन मांगों पर सहमति बनी सरकार उन आंकड़ों को क्यों नहीं रख रही है? उन्होंने कहा कि यह सरकार वचन नहीं जुमला देती है। किसानों ने वर्षों तक धरना-प्रदर्शन, आन्दोलन किया था लेकिन उनकी नहीं सुनी गयी। जब चुनाव करीब आया तब किसानों के खिलाफ लाये गये तीनों काले कानून वापस ले लिए। यह सरकार जब डर जाती है, घबरा जाती है, तब झुक जाती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026 लाया गया है उसके बारे में सरकार को बताना चाहिए कि जब 2024 में यह एक्ट लेकर आये थे तो नीट पेपर लीक क्यों हुआ और 2026 में छात्रों को आन्दोलन क्यों करना पड़ा?
उन्होंने कहा कि यह ऐसा आन्दोलन रहा जिसमें नई पीढ़ी और उनके माता-पिता सब जुड़ गये। इस परीक्षा से 20 लाख छात्र और उनके परिवार समेत करोड़ों लोग जुडे़। यह आन्दोलन केवल दिल्ली में नहीं, पूरे देश में हुआ। परीक्षाओं के लीक होने से सब लोग दुःखी है। यह पहला आन्दोलन है जिसमें छात्रों के माता-पिता ने भी साथ दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग प्रभु श्रीराम के दरबार से चढ़ावा चोरी नहीं रोक पाये, वे पेपर लीक कैसे बचा पाएंगे? भगवान के दरबार से दान गायब हो गया, चढ़ावा चोरी हो गया। पेपर लीक संसोधन कानून लाकर सरकार आंखों में धूल झोक रही है। पेपर लीक को लेकर कानून तो पहले से है लेकिन सरकार पेपर लीक नहीं रोक पायी। अगर कानून से पेपर लीक बच रहा होता तो भाजपा की 10 साल की सरकार में उत्तर प्रदेश में 20 पेपर लीक कैसे हो गये। हम लोगों ने उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं पेपर लीक पर एक किताब बना दी। यूपी में दरोगा भर्ती पेपर, जूनियर इंजीनियर भर्ती पेपर, ग्राम विकास अधिकारी पेपर, टीईटी परीक्षा का पेपर तीन बार लीक हुआ। हाईस्कूल बोर्ड, इंटरमीडिएट बोर्ड, सिपाही भर्ती परीक्षा समेत 20 से ज्यादा परीक्षाएं लीक हुई। नीट परीक्षा तो कानून बनने के बाद दो बार लीक हो गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि नीट परीक्षा लीक कराने वाली संस्था एनटीए में इस सरकार ने आउटसोर्सिंग से भर्ती कर लिया। हम विपक्ष के लोगों को डर लगता है कहीं ये लोग पूरी सरकार को ही आउट सोर्स न कर दे। जिस संस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, परीक्षा कराने की उसमें आउटसोर्स से भर्ती कर ली जाती है, सरकार बताए कि वह कौन लोग थे जो एनटीए में बैठकर घोटाला कर रहे थे। आखिर जवाबदेही किसकी है?
अखिलेश यादव ने कहा कि जब से यह सरकार बनी है, तब से इसने शिक्षा, परीक्षा और विश्वविद्यालयों का ताना-बाना ध्वस्त कर दिया। उसे एक रंगी बना दिया। अपने अंडर ग्राउण्ड, अन रजिस्टर्ड लोगों को शामिल कर लिया। भाजपा सरकार गरीबों को षिक्षा से दूर करना चाहती है। सरकार नहीं चाहती गरीब लोग पढ़े-लिखे आगे बढ़े। इस सरकार ने सबसे पहले प्राइमरी शिक्षा पर हमला किया। जहां से बच्चों के शिक्षा की यात्रा शुरू होती है, उन प्राथमिक स्कूलों को बंद किया। सरकार ने शिक्षा से लेकर नौकरी तक पर हमला किया। युवाओं के भविष्य पर चोट पहुंचाया। इस सरकार ने एक लाख से ज्यादा प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए। उनमें से यूपी में सबसे ज्यादा बंद हुए है। 69 हजार शिक्षक भर्ती में यूपी सरकार ने बड़े पैमाने पर घोटाला किया है। शिक्षक अभ्यर्थी हर कोर्ट में गये। आन्दोलन किया। मंत्रियों के यहां गए, हर जगह गए। लेकिन सरकार उनको नौकरी नहीं दे रही है। भाजपा सरकार ने 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े और दलित छात्रों का अधिकार छीना है। भाजपा सरकार में माध्यमिक स्कूलों को भी बंद किया है। बड़े पैमाने पर बोर्ड पेपर लीक हुए।
अखिलेश यादव ने नीट पेपर लीक के बाद जान देने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि देते हुए सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवारों की मदद करें और मांगे पूरी करें।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक रंगी लोगों को संस्थाओं में बैठाकर संस्थाओं को ध्वस्त कर दिया है। यूपी में रामपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोहम्मद अली जौहर के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया गया। यह प्राइवेट यूनिवर्सिटी है, उसे हथौड़ा लेकर तोड़ने की कोशिश की जा रही है। भाजपा सरकार नफरत की राजनीति कर रही है। सरकार नौजवानों की पढ़ाई और नौकरी पर हमला कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा अच्छी होगी, परीक्षा सच्ची होगी तो तरक्की भी पक्की होगी लेकिन यह सरकार शिक्षा और परीक्षा पर हमला कर रही है। दिल्ली में आन्दोलनकारी छात्रों के साथ सरकार ने क्या-क्या किया, सभी ने देखा। आंसू गैस के गोले, लकड़ी में लगी कील और कांटे से मारा गया। करंट लगाया गया। इस सरकार ने छात्र नौजवानों के साथ एमरजेंसी से ज्यादा अन्याय किया है। सरकार की नीयत साफ नहीं है। नियत साफ होगी तभी परीक्षा साफ होगी।