Loading...

आरव हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी पैरवी के लिए फिरोजाबाद पुलिस टीम सम्मानित

Gargachary Times 28 July 2026, 20:47 6 views
Firozabad
आरव हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी पैरवी के लिए फिरोजाबाद पुलिस टीम सम्मानित
फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के यादव कॉलोनी में 30 मई 2026 को हुए डेढ़ वर्षीय मासूम आरव की नृशंस हत्या के मामले में त्वरित विवेचना और प्रभावी न्यायिक पैरवी करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मंगलवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।पुलिस के अनुसार, घटना के बाद थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त विराज उर्फ जितेन्द्र को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। मामले के विवेचक प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राणा ने मात्र छह दिन के भीतर साक्ष्य संकलित कर 4 जून 2026 को आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया। 6 जून को आरोप पत्र दाखिल हुआ और 9 जून को न्यायालय ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद मॉनिटरिंग सेल की प्रभावी पैरवी से केवल सात दिनों में 13 गवाहों की गवाही पूरी कराई गई। महज 39 दिनों के भीतर, 9 जुलाई 2026 को न्यायालय ने अभियुक्त को दोषी ठहराया और 10 जुलाई 2026 को उसे मृत्युदंड तथा ₹50,000 के अर्थदंड की सजा सुनाई। इस मामले में उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने प्रभारी निरीक्षक अनुज राणा, उपनिरीक्षक राजीव गौतम, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार तथा कोर्ट पैरोकार कांस्टेबल संदीप कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
Follow Samachar24