सुहाग नगर फ्लाईओवर निर्माण में मेडिकल कॉलेज की जमीन निशुल्क देने के आरोप, जांच की मांग
Gargachary Times
28 July 2026, 20:52
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन 'सौली' ने सुहाग नगर जैन मंदिर फ्लाईओवर निर्माण से जुड़े मामले में जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर निर्माण कंपनी को बिना राजस्व वसूली के सरकारी जमीन उपलब्ध कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
सतेन्द्र जैन ने कहा कि चर्चा है कि फ्लाईओवर निर्माण कंपनी को सामान रखने, गोदाम बनाने तथा मजदूरों के ठहरने के लिए मेडिकल कॉलेज की कई बीघा जमीन लगभग डेढ़ वर्ष के लिए निशुल्क उपलब्ध कराई गई है। उनका आरोप है कि कंपनी ने उक्त भूमि पर सबमर्सिबल पंप लगाने के साथ पक्का निर्माण भी कराया, लेकिन इसके बदले मेडिकल कॉलेज द्वारा किसी प्रकार का राजस्व नहीं लिया गया, जिससे सरकारी राजस्व को लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि लगभग ₹74 करोड़ की लागत से बन रहे फ्लाईओवर की लागत आगे बढ़कर ₹80 से ₹90 करोड़ तक पहुंच सकती है। इसके बावजूद यदि निर्माण कंपनी को सरकारी जमीन बिना शुल्क उपलब्ध कराई गई है, तो इसकी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
सतेन्द्र जैन ने यह भी आरोप लगाया कि "फिरोजाबाद में गजब खेल हो रहा है, पहले दीवार बनाई जा रही है और बाद में टेंडर की प्रक्रिया हो रही है।" उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से सवाल करते हुए कहा कि इस कथित मनमानी और भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार कौन है और किसके संरक्षण में यह सब हो रहा है।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. मुजाहिद खान, के.सी. गौतम, सिराज, सलीम बेग, हाशिम अली और जीशान बेग सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।(नोट: यह समाचार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सतेन्द्र जैन 'सौली' द्वारा लगाए गए आरोपों और जांच की मांग पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।