अज्ञान के अंधकार से मुक्त कराता है सच्चा सद्गुरु: राजयोगिनी बीके कृष्णा
Gargachary Times
31 July 2026, 19:54
49 views
Mathura
मथुरा। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थायी सेवाकेंद्र ओम शांति भवन, रिफाइनरी नगर में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मथुरा रिफाइनरी के कर्मचारी, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए ब्रह्माकुमारी परिवार के भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवाकेंद्र प्रभारी राजयोगिनी बीके कृष्णा दीदी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल किसी व्यक्ति विशेष के सम्मान का पर्व नहीं, बल्कि परम सद्गुरु परमपिता परमात्मा शिव के दिव्य ज्ञान को स्मरण करने का महापर्व है। उन्होंने कहा कि परमात्मा शिव ही समस्त मानवता के सच्चे सद्गुरु हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को समाप्त कर आत्मज्ञान, पवित्रता, शांति और सुख का मार्ग दिखाकर ,सद्गति प्रदान करते है,राजयोग के अभ्यास से मनुष्य स्वयं के वास्तविक स्वरूप को पहचानकर जीवन को श्रेष्ठ एवं मूल्यवान बना सकता है।
कार्यक्रम में गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर आधारित प्रेरणादायी लघु नाटिका, मनमोहक नृत्य, भक्तिमय गीत एवं भजनों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन बीके मनोज भाई ने किया तथा अंत में बीके आलोक ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता में बीके गौरी, मनोहर, सौरभ, उमेश, कमल, सुखवीर, दामोदर, हरिओम सहित सभी भाई-बहनों का सराहनीय योगदान रहा।