आगरा के खंदौली क्षेत्र में देशी-अंग्रेजी शराब के ठेके के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, जमकर किया हंगामा; दुकान पर लगा ताला
Gargachary Times
31 July 2026, 20:00
40 views
Agra
आगरा: जनपद के खंदौली थाना क्षेत्र के चौकी मुड़ी क्षेत्र के ग्राम उस्मानपुर में स्थित देशी, अंग्रेजी और मॉडल शॉप के खिलाफ स्थानीय महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। शराब की दुकान के नजदीक होने और इसके कारण घरों में होने वाली कलह से परेशान दर्जनों महिलाओं ने दुकान पर पहुंचकर जोरदार हंगामा किया। महिलाओं के भारी विरोध और हंगामे के बाद आखिरकार शराब की दुकान पर ताला लटकाना पड़ा।प्रदर्शन कर रही आक्रोशित महिलाओं का आरोप है कि गांव के पास शराब का ठेका होने के कारण गंभीर समस्याएं पैदा हो रही हैं। महिलाओं का कहना है कि परिवार के पुरुष, बुजुर्ग और युवा दिनभर आगरा या अन्य जगहों पर मजदूरी करके लौटते हैं, लेकिन गांव रास्ते में ठेका होने के कारण वे अपनी मेहनत की सारी कमाई शराब में लुटा देते हैं। घर पहुंचकर शराबी पति या परिजन आए दिन महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं, जिससे परिवार तबाह हो रहे है।
एक पीड़ित बुजुर्ग महिला ने अपना दर्द बयां करते हुए रोते हुए बताया कि उसके चार बेटे हैं जो आगरा हाथी घाट पर मजदूरी करते हैं। रातभर मेहनत कर जो पैसे वे जमा करते हैं, सुबह होते ही वे सीधे शराब के ठेके पर पहुंच जाते हैं और शराब पीकर घर आकर उनके और उनकी बहुओं के साथ बेरहमी से मारपीट करते हैं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना और चौकी मुड़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आक्रोशित महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। महिलाओं की जिद और बढ़ते हंगामे को देखते हुए फिलहाल शराब की दुकान को बंद करा दिया गया है और उस पर ताला लगा दिया है। शराब के नशे में बर्बाद हो रहे घरों और आए दिन की कलह से तंग आकर ग्राम उस्मानपुर की सभी ग्रामीण महिलाएं एकजुट हो चुकी हैं। महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अब इस शराब के ठेके को किसी भी कीमत पर यहां संचालित नहीं होने देंगी और इसे पूरी तरह बंद कराने की मांग पर अड़ी हुई हैं।