सीएचओ से कथित मारपीट का वीडियो वायरल, चिकित्सा अधीक्षक पर लगे गंभीर आरोप
Gargachary Times
31 July 2026, 20:01
40 views
Mathura
मथुरा। बरसाना क्षेत्र स्थित संकेत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) के निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में बरसाना सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रमादित्य चौधरी और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी तरुण शर्मा के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
सीएचओ तरुण शर्मा का आरोप है कि चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रमादित्य चौधरी संविदा कर्मचारियों से लगभग 20 हजार रुपये खर्च कराकर सीएचसी परिसर में रंग-रोगन कराने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की गई। इस संबंध में उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि लेवल-वन चिकित्सक होने के बावजूद डॉ. विक्रमादित्य चौधरी नियमों के विपरीत सीएचसी प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे हैं तथा उन्हें विभागीय संरक्षण प्राप्त है। इन आरोपों के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी विभिन्न सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रमादित्य चौधरी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है तथा निष्पक्ष जांच होने पर वास्तविक तथ्य स्वयं सामने आ जाएंगे।
मारपीट का कथित वीडियो वायरल होने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें मुख्य चिकित्सा अधिकारी की कार्रवाई पर टिकी हैं। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।