स्कूल में दो मासूम भाइयों से कथित हैवानियत, एक की आंख घायल, दूसरे का कान क्षतिग्रस्त, 4 के खिलाफ एफआईआर
Gargachary Times
31 July 2026, 20:26
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र स्थित कोटला रोड के एक निजी स्कूल में दो मासूम भाइयों के साथ कथित रूप से मारपीट और गंभीर दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर स्कूल निदेशक, मैनेजर और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि स्कूल की एक शिक्षिका ने 4 वर्षीय अनमोल की आंख में पेंसिल मार दी, जिससे उसकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी आंख का ऑपरेशन किया गया।
वहीं, अनमोल के 5 वर्षीय भाई आर्यन के साथ दूसरी शिक्षिका द्वारा कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि पिटाई के कारण आर्यन के कान का पर्दा फट गया।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर स्कूल निदेशक, मैनेजर और दोनों शिक्षिकाओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। चिकित्सकीय रिपोर्ट, साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।