सिरसागंज पुलिस ने 42 आबकारी मामलों की 527 पौआ देशी शराब व 272 लीटर कच्ची शराब कराई नष्ट
Gargachary Times
31 July 2026, 20:27
50 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे माल निस्तारण अभियान के तहत थाना सिरसागंज पुलिस ने आबकारी अधिनियम से संबंधित 42 अभियोगों में जब्त 527 पौआ देशी शराब और 272 लीटर कच्ची देशी शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 के 31 तथा वर्ष 2026 के 11 मुकदमों सहित कुल 42 आबकारी मामलों में जब्त शराब के विनष्टीकरण के लिए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, शिकोहाबाद द्वारा 30 जुलाई 2026 को आदेश जारी किए गए थे। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी सिरसागंज सुश्री चंचल त्यागी एवं तहसीलदार सिरसागंज सुश्री कीर्ती चौधरी की उपस्थिति में वीडियो एवं फोटोग्राफी कराते हुए जब्त शराब का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह तथा एचएम माल विजयभान सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माल निस्तारण अभियान का उद्देश्य न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ जब्त माल का सुरक्षित एवं नियमानुसार निस्तारण करना है।