Loading...

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का एसएसपी ने लिया जायजा, टूंडला व नगला सिंघी मार्ग का किया निरीक्षण

Gargachary Times 31 July 2026, 20:28 51 views
Firozabad
कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का एसएसपी ने लिया जायजा, टूंडला व नगला सिंघी मार्ग का किया निरीक्षण
फिरोजाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने थाना टूंडला एवं थाना नगला सिंघी क्षेत्र से गुजरने वाले कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कांवड़ मार्ग पर ट्रैफिक एवं डायवर्जन व्यवस्था, स्थायी पुलिस चौकियों, पुलिस बल की तैनाती, क्यूआरटी, एम्बुलेंस तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण में जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए मार्ग से जुड़े ग्राम प्रधानों, पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। साथ ही सभी संबंधित विभागों के साथ नियमित बैठकें कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा कांवड़ शिविरों पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
Follow Samachar24