ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में फिरोजाबाद के दो मुख्य आरक्षियों ने जीते कांस्य पदक
Gargachary Times
31 July 2026, 20:28
55 views
Firozabad
फिरोजाबाद। हैदराबाद में 23 से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता के अंतर्गत पेंचक सिलाट स्पर्धा में फिरोजाबाद पुलिस के दो मुख्य आरक्षियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जनपद और उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया प्रतियोगिता में जनपद फिरोजाबाद में तैनात मुख्य आरक्षी रामू सिंह सिसोदिया एवं गिरधारी सिंह ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक अपने नाम किया।दोनों खिलाड़ी इससे पहले भी ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर खेल कोटे से पदोन्नति भी प्राप्त कर चुके हैं। ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिताओं में यह उनका दूसरा पदक है, जो उनके निरंतर अभ्यास, समर्पण और कड़ी मेहनत का प्रमाण है।इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे तथा अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की सफलता पूरे पुलिस परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है और विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर फिरोजाबाद एवं उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करते रहेंगे।
फिरोजाबाद पुलिस परिवार ने भी दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में उनके स्वर्णिम प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।