वृंदावन की चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था: विद्यापीठ चौराहे पर अवैध पार्किंग से लगा भीषण जाम, राहगीर परेशान
Gargachary Times
1 August 2026, 19:36
39 views
Mathura
धर्मनगरी वृंदावन में एक बार फिर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से फेल नजर आ रही है। शहर के प्रमुख मार्गों पर सड़कों के किनारे हो रही बेतरतीब गाड़ियों की पार्किंग के कारण स्थानीय लोगों और दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि शहर के मुख्य मार्गों पर घंटों लंबा जाम लग रहा है, जिससे पूरा यातायात तंत्र चरमरा गया है।
ताजा मामला शहर के अति व्यस्त विद्यापीठ चौराहे का है, जो बांके बिहारी मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है। इस चौराहे पर स्थित एक होटल में आंतरिक पार्किंग की कोई व्यवस्था न होने के कारण आगंतुकों की गाड़ियां सीधे सड़क पर ही पार्क कराई जा रही हैं। इसके चलते चौराहे पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। बांके बिहारी मंदिर के दर्शन के लिए रोजाना आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय राहगीरों को इस व्यवस्था के कारण भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
मुख्य चौराहे पर इस तरह ट्रैफिक व्यवस्था का धराशाई होना जिला प्रशासन और यातायात विभाग की बड़ी नाकामी को उजागर करता है। शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए आए दिन कागजी बैठकें और रूपरेखाएं तो तैयार की जाती हैं, लेकिन धरातल पर ये योजनाएं पूरी तरह शून्य साबित हो रही हैं।
सबसे बड़ा सवाल मथुरा-वृंदावन नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा उन होटलों और गेस्ट हाउसों को धड़ल्ले से एनओसी और संचालन की परमिशन कैसे दे दी जाती है, जिनके परिसरों में वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की कोई जगह तक नहीं होती। आरोप है कि बिना मानकों की जांच किए सिर्फ आपसी लेन-देन के खेल के चलते इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अनुमति दे दी जाती है।
वृंदावन में ऐसे दर्जनों गेस्ट हाउस और होटल संचालित हो रहे हैं जिनके पास खुद की पार्किंग नहीं है, इसके बावजूद नगर निगम या अन्य जिम्मेदार विभाग इन पर कोई ठोस कार्रवाई करने से बचते नजर आते हैं। प्रशासनिक उदासीनता के कारण शहर की जनता और भगवान के दर्शन को आने वाले भक्त रोजाना इस विकराल जाम का दंश झेलने को मजबूर हैं।