Loading...

लंबित मांगों को लेकर लेखपाल संघ ने सौंपा ज्ञापन, 5 अगस्त से अतिरिक्त हल्के का कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी

Gargachary Times 1 August 2026, 19:37 74 views
Mathura
लंबित मांगों को लेकर लेखपाल संघ ने सौंपा ज्ञापन, 5 अगस्त से अतिरिक्त हल्के का कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, उपशाखा तहसील महावन ने लेखपालों की लंबित मांगों के निराकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा। शासन और राजस्व परिषद के नाम शनिवार को ज्ञापन सौंपा गया। महावन तहसील के तमाम लेखपालों ने एकत्रित होकर नयाब तहसीलदार मीनू राजपूत को यह ज्ञापन सौंपा। इस दौरान लेखपाल संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द ही निर्णय नहीं लिया गया तो 5 अगस्त से सभी लेखपाल आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। संघ का कहना है कि लेखपाल लंबे समय से बढ़ते कार्यभार, संसाधनों की कमी, पदोन्नति में विलंब, वेतन एवं भत्तों की विसंगतियों तथा अतिरिक्त कार्यों के बोझ से जूझ रहे हैं। ज्ञापन में संघ ने अंतर्मंडलीय स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल पुनः खोलना, चयन वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची जारी करना, चयन वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्र घोषित करना, स्टेशनरी, यात्रा और विशेष भत्तों में वृद्धि, भूलेख कार्यालयों एवं अन्य पटलों से संबद्ध लेखपालों को कार्यमुक्त करना। जैसी कई मांगे है। लेखपाल संघ का कहना है कि ग्राम सचिवालयों में आवश्यक संसाधनों का अभाव है और एक लेखपाल के पास कई ग्रामों की जिम्मेदारी होने के कारण एक ही स्थान पर बैठकर सभी कार्यों का समयबद्ध निस्तारण संभव नहीं है। इस संबंध में पूर्व में भी ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संघ का कहना है कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 5 अगस्त से सभी लेखपाल अपने मूल हल्के का ही कार्य करेंगे तथा अतिरिक्त हल्कों का बहिष्कार करते हुए संबंधित अभिलेख तहसील एवं राजस्व निरीक्षक कार्यालय में जमा कर देंगे। आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करने का भी निर्णय लेंगे। ज्ञापन के दौरान महावन तहसील अध्यक्ष पवन कुमार,सचिव/मंत्री पंकज कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विकास तिवारी, उप सचिव उप मंत्री सुमित शंकर, कोषाध्यक्ष सुरेश राय, नंदिनी पाठक, कल्पना शर्मा, डालचंद, राहुल प्रताप, राज, वीरेंद्र सिंह, कन्हैया, दीपक देव, कमलेश पाली सहित अन्य लेखपाल भी मौजूद रहे।
Follow Samachar24