संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 154 शिकायतें, 16 का मौके पर निस्तारण
Gargachary Times
1 August 2026, 19:39
44 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील टूंडला में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान ग्राम इमलिया के ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने मंदिर श्री महाराज धीराज रामेश्वर महाराज की ग्राम पंचायत भूमि एवं धर्मशाला परिसर पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी एवं थाना पचोखरा प्रभारी को सात दिन के भीतर जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।ग्राम सीवारा निवासी कुंती देवी ने अपने पति के मुकदमे में फर्जी सिटी स्कैन रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाने का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधीक्षक को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं नगला दल निवासी वीरी सिंह ने चेक बाउंस होने के बावजूद जमीन पर जबरन कब्जे और जान से मारने की धमकी की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी का संवेदनशील पक्ष भी देखने को मिला। खतौनी बनवाने के लिए लाइन में लगे किसानों की सुविधा के लिए तत्काल पंखों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपजिलाधिकारी टूंडला को निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले बुजुर्गों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।जिलाधिकारी ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताते हुए अधिशासी अधिकारी को नियमित निरीक्षण, समय पर कूड़ा उठान तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 154 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।इसके बाद जिलाधिकारी ने टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर के साथ विपणन विकास सहायता योजनांतर्गत अनुसूचित जाति एवं जीरो पॉवर्टी लाइन के लाभार्थियों के लिए आयोजित एक दिवसीय जागरूकता शिविर में भाग लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि पेंशन, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन, पशुपालन तथा अन्य सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे।