बसई में जन चौपाल: डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर समाधान के दिए निर्देश
Gargachary Times
1 August 2026, 19:40
42 views
Firozabad
फिरोजाबाद। प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से शनिवार को टूंडला क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसई में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।जन चौपाल में किसान, युवा, मजदूर, विद्यार्थी, महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, सुझाव और मांगें सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों एवं बुजुर्गों की पेंशन, भूमि विवाद, कृषि संबंधी समस्याओं सहित अन्य मामलों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं युवाओं और विद्यार्थियों से उनकी शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्हें मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जन चौपाल ऐसा मंच बन रहा है, जहां आम नागरिक सीधे अधिकारियों से संवाद कर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक जैविक खाद के उपयोग की अपील की और कहा कि सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराई जाए। साथ ही लेखपालों एवं पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायत सचिवालय में नियमित रूप से बैठकर जनसुनवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।