Loading...

आबकारी विभाग ने देशी शराब व कंपोजिट दुकानों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

Gargachary Times 1 August 2026, 19:41 50 views
Firozabad
आबकारी विभाग ने देशी शराब व कंपोजिट दुकानों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
फिरोजाबाद। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को आबकारी विभाग ने जनपद में शराब दुकानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। उप आबकारी आयुक्त आगरा प्रभार एवं जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 सिरसागंज ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र की फुटकर देशी शराब एवं कंपोजिट दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों एवं कैंटीन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, दुकान के बाहर मदिरापान न होने देने, उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप सभी ब्रांड उपलब्ध रखने तथा पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने, पॉस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री करने, अभिलेखों को अद्यतन रखने, ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा की बिक्री करने के निर्देश भी दिए गए।आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान समस्त व्यवस्थाएं जांची गईं और संचालकों को शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करने के लिए निर्देशित किया गया।
Follow Samachar24