Loading...

विधवा महिला हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार

Gargachary Times 3 August 2026, 20:58 74 views
Firozabad
विधवा महिला हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में अकेली रह रही विधवा महिला की हत्या और लूटकांड का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, मृतका का आधार कार्ड, एसबीआई एटीएम कार्ड, दो अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन तथा अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र के मार्गदर्शन में एसओजी, सर्विलांस और थाना मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि विधवा महिला हत्याकांड में वांछित दो आरोपी खाटू श्याम मंदिर के पास हाईवे किनारे किसी वारदात की फिराक में मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई। पुलिस के अनुसार, घिरने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की पुत्र संजय निवासी ट्रांस यमुना, आगरा तथा आकाश उर्फ हनुमान पुत्र धर्मेंद्र कुमार उर्फ पप्पू निवासी मक्खनपुर, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने तीसरे साथी मोहित की संलिप्तता भी स्वीकार की है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कंगन, दो अंगूठियां, दो अवैध तमंचे (.315 बोर), तीन खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, मृतका का आधार कार्ड तथा एसबीआई का एटीएम कार्ड बरामद किया है।गौरतलब है कि 23/24 जुलाई 2026 की रात थाना मक्खनपुर क्षेत्र में अकेली रह रही विधवा महिला सरोज देवी की धारदार हथियार से हत्या कर बदमाश घर से सोने के आभूषण और अन्य सामान लूट ले गए थे। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Follow Samachar24