गोवर्धन में तंत्र का आतंक 50 हजार न देने पर युवक को किया मानसिक बीमार
Gargachary Times
5 August 2026, 20:30
59 views
Mathura
गोवर्धन: तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी, और धमकी... आखिर पुलिस क्यों मौन
गोवर्धन में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक तांत्रिक ने युवक को अपने वश में कर 50 हजार रुपये मांगे। पैसे न देने पर उसे मानसिक बीमार कर दिया। पीड़ित ने SSP से शिकायत की, लेकिन 1 महीने से ज्यादा बीत जाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं गोवर्धन में तांत्रिकों के आतंक से लोग दहशत में हैं।मामला गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास का है।
यहाँ एक तांत्रिक गोपाल दास, जो साधु वेश में लकड़ी और लोहे की पीले रंग की गुमटी में रहता है, तंत्र विद्या का जानकार होने का दावा करता है।राधाकुंड टीला निवासी अनिल कुमार की इससे मुलाकात हुई।
आरोप है कि साधु वेशधारी तांत्रिक ने अनिल को अध्यात्म सिखाने के बहाने अपने तंत्र से वश में कर लिया। कुछ दिन बाद तांत्रिक ने अनिल से 50 हजार रुपये की मांग की। जब अनिल ने पैसे देने से मना कर दिया, तो तांत्रिक ने उसे तंत्र विद्या से मानसिक बीमार कर दिया।
पीड़ित अनिल ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी राधाकुंड और थाना गोवर्धन में की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा तांत्रिकों का एक गैंग अनिल के पीछे पड़ गया। उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं और उसका पीछा किया गया।दुखी होकर अनिल कुमार 24 जून 2026 को SSP मथुरा श्लोक कुमार से मिला। SSP ने मदद का भरोसा दिया, लेकिन 1 महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।अब पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोवर्धन के राधाकुंड क्षेत्र में साधु-तांत्रिकों का आतंक बढ़ गया है।
10 दिन पहले ही एक साधु ने 13 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म किया था। उससे पहले एक IIT बाबा पर भी तंत्र-सम्मोहन से युवतियों से दुराचार का आरोप लग चुका है। सवाल ये है कि आखिर कब तक ऐसे अपराधी खुलेआम घटनाओं को अंजाम देते रहेंगे?
और कब गोवर्धन पुलिस ऐसे तांत्रिकों पर नकेल कसेगी?