Loading...

राजस्व अभिलेखों के अंश निर्धारण में सुधार के लिए एक माह का विशेष अभियान गांव-गांव पढ़ी जाएगी खतौनी, त्रुटियां होंगी दुरुस्त डीएम

Gargachary Times 5 August 2026, 20:38 36 views
Firozabad
राजस्व अभिलेखों के अंश निर्धारण में सुधार के लिए एक माह का विशेष अभियान गांव-गांव पढ़ी जाएगी खतौनी, त्रुटियां होंगी दुरुस्त डीएम
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने राजस्व अभिलेखों में अंश निर्धारण की जांच के दौरान पाया कि वर्तमान में दर्ज कई अंश वास्तविक स्थिति से भिन्न हैं। भूलेखों में इस प्रकार की त्रुटियों के कारण किसानों और ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पूरे जनपद में एक माह का विशेष अंश निर्धारण सुधारीकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने अभियान के पारदर्शी एवं प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सभी लेखपालों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई गई है। लेखपाल गांव-गांव जाकर खतौनी का सार्वजनिक पठन करेंगे तथा अंश निर्धारण में मौजूद त्रुटियों और विसंगतियों को चिन्हित करेंगे। इसके बाद नियमानुसार सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।अभियान के बेहतर संचालन और सभी तहसीलों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए एडीएम (नमामि गंगे) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह विशेष अभियान लगातार एक माह तक चलेगा, ताकि कोई भी पात्र काश्तकार या प्रभावित गाटा सुधार की प्रक्रिया से वंचित न रहे।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि वह स्वयं प्रत्येक सप्ताह अभियान की तहसीलवार और हल्कावार समीक्षा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।डीएम ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान पूरी पारदर्शिता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, जिससे किसानों और आम नागरिकों को अपनी भूमि से संबंधित अभिलेखों में सुधार कराने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
Follow Samachar24