Loading...

महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मथुरा में सुनी महिलाओं की समस्याएं, 22 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Gargachary Times 5 August 2026, 20:40 78 views
Mathura
महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मथुरा में सुनी महिलाओं की समस्याएं, 22 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को मथुरा दौरे के दौरान जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया, समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई की तथा विकास खंड मथुरा में आयोजित "शक्ति संवाद" कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। जिला महिला चिकित्सालय में आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नवजात कन्याओं के जन्म पर खुशी व्यक्त करते हुए माताओं को 20 बेबी किट वितरित कीं। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई। उन्होंने कहा कि कन्या जन्म समाज के लिए गौरव का विषय है और बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा व सुरक्षा के प्रति सभी को सजग रहना चाहिए। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला सुरक्षा, महिला कल्याण एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयोजित जनसुनवाई में महिलाओं की कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश पुलिस एवं राजस्व विभाग से संबंधित थीं। डॉ. चौहान ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दौरे के अंतिम चरण में विकास खंड मथुरा में "शक्ति संवाद" कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की सदस्य पुष्पलता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़कर वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं और परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे रही हैं।
Follow Samachar24