Loading...

करंट की चपेट में आई गर्भवती गाय, कॉलोनी में शोक और आक्रोश

Gargachary Times 6 August 2026, 19:49 41 views
Mathura
करंट की चपेट में आई गर्भवती गाय, कॉलोनी में शोक और आक्रोश
फरह। कस्बा फरह की दुर्गा विहार और अंजलि विहार कॉलोनी में बिजली विभाग की लापरवाही से बृहस्पति बार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। विद्युत खंभे में उतर रहे करंट की चपेट में आने से किसान मुकेश की गर्भवती गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कॉलोनी में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस विद्युत खंभे में करंट उतरा था उसकी शिकायत कई दिनों से की जा रही थी। इससे पहले भी कॉलोनी के कई बच्चों को हल्का करंट लग चुका है। इसकी जानकारी वार्ड-3 की सदस्य मांगो देवी को भी दी गई थी। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को मौखिक रूप से कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना की सूचना पर बिजली विभाग की टीम देरी से मौके पर पहुंची और विद्युत आपूर्ति को बंद कर सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके बाद मृत गाय का अंतिम संस्कार ठाकुर मक्खन सिंह तरकर के सहयोग से जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर किया गया। इस दौरान वार्ड-3 सदस्य मांगो देवी, ठाकुर मक्खन सिंह तरकर, सुन्दर सिंह, बनवारी, मुकेश, चंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र के सभी विद्युत खंभों, स्ट्रीट लाइट पोल और बिजली लाइनों की तत्काल जांच कराई जाए। साथ ही इस घटना की जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी व्यक्ति या बेजुबान पशु की जान ऐसे हादसे में न जाए।
Follow Samachar24