हर घर तिरंगा’’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी
Gargachary Times
6 August 2026, 19:58
38 views
Mainpuri
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस अभियान में जनपद के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित हो, सभी लोग उत्साह-उमंग के साथ भागीदारी करें, प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान, कार्यालय, सार्वजनिक स्थानों, पार्कों पर तिरंगा फहराया जाये, सभी लोग अपने घरों को तिरंगा लाइट से सजाएं, अपने बच्चों को देश के स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवमयी इतिहास की जानकारी दे, प्राथमिक विद्यालय से लेकर महाविद्यालय तक प्रतिदिन कोई न कोई कार्यक्रम आयोजित हों, प्रत्येक विद्यालय में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान घटित महत्वपूर्ण सत्याग्रह, घटनाओं, देश को आजादी दिलाने में अपने प्राणों को बलिदान करने वाले वीर-सपूतों, समाज में फैली छुआ-छूत, भेदभाव जैसी कुरीतियों को दूर करने में अपना योगदान देने वाले महापुरुषों के जीवन के बारे में छात्रों को बताया जाए, प्रत्येक विद्यालय में स्वतंत्रता आंदोलन, स्वाधीनता पाने के उपरांत देश में हुए विकास, देश के वीर शहीदों पर आधारित चित्रकला, पोस्टर, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं। जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत तक प्रत्येक गली-मोहल्ले में आजादी के अमृत महोत्सव की झलक दिखे, प्रत्येक ग्राम पंचायत, अमृत सरोवर तालाब, मुख्य चौराहों, मार्गाें, प्रत्येक घर पर झंडा फहरे, मुख्य चौराहों पर देशभक्ति के गीत बजाए जाएं, नगर पालिका, नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में भव्य कार्यक्रम आयोजित हों, मुख्य मार्गों पर लगे विद्युत पोल को तिरंगा लाइटों से सजाया जाए, प्रत्येक कार्यालय में भव्य सजावट हो, विशेष कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के आश्रितों को सम्मानित किया जाए।
श्री त्रिपाठी ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि दि. 08 अगस्त तक जनपद के प्रत्येक विद्यालय की दीवारों पर तिरंगा कलाकृतियों से सजाया जाए, विद्यालय में तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित कराई जाए, प्रत्येक विद्यार्थी से सैनिक, पुलिस कर्मियों के लिए पोस्टकार्ड पर आभार पत्र, चिट्ठी लिखवाकर भिजवाई जाए, अभियान के दौरान जो भी गतिविधियां हों उन्हें हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अपलोड भी किया जाए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर निकाय से कहा कि जनपद के समस्त कस्बों के मुख्य मार्गाें पर दि. 08 अगस्त तक तिरंगा लाइटें, लाउडस्पीकर लगवाना सुनिश्चित करें, दि. 08 अगस्त से 15 अगस्त तक निरंतर लाउडस्पीकर पर राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीत बजाये जाएं, जहां-जहां महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित है, उनकी तत्काल सफाई कराकर वहां भी लाइटिंग कराई जाए और प्रतिदिन महापुरुषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण की व्यवस्था की जाए। उन्होने खंड विकास अधिकारियों से कहा कि विकास खंड परिसर में स्थित शहीद स्मारकों की रंगाई-पुताई, सफाई का कार्य प्राथमिकता पर कराकर वहां लाइटिंग की व्यवस्था करें, प्रतिदिन किसी न किसी क्षेत्र में कोई न कोई भव्य कार्यक्रम आयोजित कराया जाए, अमृत सरोवर के रूप में विकसित किए गए तालाबों पर वृक्षारोपण, ध्वजारोहण के कार्यक्रम आयोजित कराये जायें
जिलाधिकारी ने कहा कि दि. 09 से 12 अगस्त के मध्य तिरंगा मेला, तिरंगा कंसर्ट, तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा, 13 से 15 अगस्त के मध्य सभी सरकारी, अर्द्ध सरकारी कार्यालयों एवं नागरिकांे की सहभागिता से उनके घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, युद्ध में शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया जाए, शहीद स्मारकों पर पुलिस बैंड का वादन कराया जाएगा, तिरंगा बाइक रैली का आयोजन जाए। उन्होने बताया कि जनपद को 03 लाख 73 हजार झंडों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें से 03 लाख झंडों का निर्माण स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं 73 हजार झंडों का निर्माण डूडा के द्वारा कराया जाना है। उन्होंने डी.सी. एन.आर.एल.एम., परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देशित करते हुए कहा कि समय से झंडे का निर्माण कराकर उपलब्धता सुनिश्चित करायें, ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान के दौरान राष्ट्र ध्वज के सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाए, ध्वजारोहण करते समय झंडा संहिता का पालन किया जाए।