एसएसपी ने उद्योगपतियों संग की बैठक, सुरक्षा और समस्याओं के समयबद्ध समाधान का दिया भरोसा
Gargachary Times
6 August 2026, 20:03
61 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जिले के उद्योगपतियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान उद्योगों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात, साइबर अपराध, श्रमिकों की सुरक्षा तथा अन्य पुलिस संबंधी मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक में उद्योगपतियों ने अपने सुझाव एवं समस्याएं एसएसपी के समक्ष रखीं। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों और समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसएसपी आदित्य लांग्हे ने कहा कि जनपद में उद्योगों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा उद्योगपतियों की सुरक्षा के लिए पुलिस व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।उन्होंने उद्योगपतियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा साइबर अपराध से जुड़ी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।बैठक में उद्योगपतियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के प्रति दिखाई गई प्रतिबद्धता की सराहना की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक लाइन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।