Loading...

डीएम ने कांच उद्योग विकास केंद्र व बीकेजी ओवरसीज का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर दिया जोर

Gargachary Times 6 August 2026, 20:15 45 views
Firozabad
डीएम ने कांच उद्योग विकास केंद्र व बीकेजी ओवरसीज का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर दिया जोर
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ जलेसर रोड स्थित कांच उद्योग विकास केंद्र एवं बीकेजी ओवरसीज का औचक निरीक्षण कर उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कांच उद्योग को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित कांच उद्योग विकास केंद्र की आधुनिक टेस्टिंग लैब का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि यहां जिले के विभिन्न कांच कारखानों में निर्मित उत्पादों की मजबूती, रासायनिक संरचना एवं गुणवत्ता की जांच की जाती है। साथ ही उद्यमियों, तकनीशियनों और कारीगरों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाता है।डीएम ने ग्लास कटिंग एवं डिजाइनिंग लैब का निरीक्षण कर कारीगरों द्वारा कांच की कटिंग, तराशी और फिनिशिंग की प्रक्रिया देखी तथा उनके हुनर की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि गुणवत्ता नियंत्रण और आधुनिक तकनीक के समन्वय से फिरोजाबाद के कांच उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयास लगातार किए जाएं।इसके बाद जिलाधिकारी ने बीकेजी ओवरसीज का निरीक्षण कर डेकोरेटिंग ग्लास, क्रिसमस ग्लास और ड्रिंकवेयर उत्पादों के निर्माण की गुणवत्ता, कार्यप्रणाली एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने उत्पादों की फिनिशिंग को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाए रखने और श्रमिकों के लिए औद्योगिक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि फिरोजाबाद के श्रमिकों और कारीगरों के अद्भुत कौशल व मेहनत के कारण ही जिले को विश्वभर में कांच उद्योग की विशेष पहचान मिली है। उन्होंने उद्योग संचालकों को आश्वस्त किया कि पारंपरिक कांच उद्योग के आधुनिकीकरण और औद्योगिक विकास के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त उद्योग संध्या सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24