एआरटीओ की बड़ी कार्रवाई, 20 वाहन सीज, 76 के चालान
Gargachary Times
6 August 2026, 20:21
37 views
Mathura
परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद मथुरा में चलाए जा रहे चार दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान "मिशन आरोही" के दूसरे दिन गुरुवार को परिवहन विभाग ने अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेज, अनफिट स्लीपर बसों, बिना एचएसआरपी (HSRP), विकृत नंबर प्लेट तथा गंभीर ओवरलोडिंग करने वाले 20 वाहनों को सीज कर संबंधित थानों में निरुद्ध कराया गया।
अभियान में एआरटीओ सत्येंद्र सिंह एवं यात्री कर अधिकारी पूजा सिंह भी शामिल रहे। इसके अलावा बकाया कर, निजी वाहनों का अवैध व्यावसायिक उपयोग, रेलवे स्टेशन एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर नियमों के उल्लंघन, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 76 वाहनों के चालान किए गए।
एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश राजपूत ने बताया कि "मिशन आरोही" का उद्देश्य केवल चालान या जब्ती की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सड़कों से अनफिट और अवैध वाहनों का संचालन पूरी तरह समाप्त करना है। अभियान का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना तथा बकाया कर व राजस्व वसूली में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में कम से कम 30 प्रतिशत की वृद्धि करना है।
उन्होंने कहा कि यह विशेष अभियान 8 अगस्त तक लगातार कड़ाई से जारी रहेगा। सभी वाहन स्वामियों और चालकों से फिटनेस, परमिट, बीमा, टैक्स एवं एचएसआरपी सहित सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।