मनरेगा श्रमिकों का समय से भुगतान कराना सर्वोच्च प्राथमिकता: केशव प्रसाद मौर्य
Gargachary Times
4 September 2025, 21:06
117 views
Lucknow
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए लगातार काम कर रही है। श्रमिकों की मजदूरी उनके खाते में समय से पहुंचे ,इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। मनरेगा श्रमिकों का समय से भुगतान कराना सर्वोच्च प्राथमिकता
मनरेगा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मनरेगा श्रमिकों के पारिश्रमिक के भुगतान के लिए उत्तर प्रदेश को केंद्र सरकार द्वारा दूसरी किस्त की धनराशि अवमुक्त की गई है। कुल रू 1244,45,89,000 ( रूपये एक हजार दो सौ चौवालिस करोड़ पैंतालिस लाख नवासी हजार) रुपये अवमुक्त किये गये हैं। इस राशि के मिलने से बकाया राशि का भुगतान अब आसान हो जायेगा। सरकार ने मनरेगा के श्रमांश मद की यह धनराशि जारी की है।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि श्रमिकों की बकाया राशि तत्काल उनके खाते में भेजी जाए।उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। श्रमिकों की मजदूरी उनके खाते में समय से पहुंचे इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। मनरेगा श्रमिकों के लिए जारी धनराशि के लिए केंद्र सरकार का भी श्रमिकों की ओर से आभार जताया है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में राज्य में मनरेगा अंतर्गत कुल 11,980.80 करोड़ रुपये का व्यय हुआ। सामग्री मद में 3,333.05 करोड़ तथा प्रशासनिक मद में कुल 693.39 करोड़ रुपये व्यय किया गया। अकुशल मजदूरी मद में कुल 7,954.36 करोड़ रुपये खर्च हुए।
आयुक्त, ग्राम्य विकास उ0प्र0 श्री जी0एस प्रियदर्शी ने बताया कि मनरेगा योजना के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा श्रमांश मद हेतु करीब 1244.45 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई है, इस धनराशि से श्रमिकों का बकाया भुगतान किया जा सकेगा। बहुत जल्द ही श्रमिकों के खाते में उनका श्रमांश पहुंचेगा।