शिकोहाबाद में पुलिस मुठभेड़, मोबाइल लूट के दो वांछित बदमाश गिरफ्तार
Gargachary Times
7 August 2026, 20:21
48 views
Firozabad
फिरोजाबाद: शिकोहाबाद थाना पुलिस ने मोबाइल लूट की घटनाओं में वांछित दो शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, नकदी और लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिकोहाबाद पुलिस को सूचना मिली कि मोबाइल लूट की घटनाओं में वांछित बदमाश पुरातन रोड स्थित कोल्ड स्टोर के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार, घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान ऋषि उर्फ कन्हई पुत्र हरनाम निवासी गिहार कॉलोनी, थाना भोगांव, मैनपुरी के रूप में हुई। वहीं पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान उसके साथी मनीष पुत्र विजेंद्र निवासी गिहार कॉलोनी, थाना भोगांव, मैनपुरी को भी गिरफ्तार कर लिया।
चार लूटे मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, मोबाइल लूट में प्रयुक्त राइडर मोटरसाइकिल, सात हजार रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें एक ओप्पो मोबाइल शिकोहाबाद थाने में दर्ज मुकदमे से संबंधित बताया गया है, जबकि चार मोबाइल विभिन्न घटनाओं में लूटे गए थे।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी शिकोहाबाद थाने में दर्ज मोबाइल लूट के दो मामलों में वांछित थे। पुलिस ने बताया कि ऋषि उर्फ कन्हई के खिलाफ मैनपुरी, आगरा और फतेहगढ़ के विभिन्न थानों में लूट, गैंगस्टर, आबकारी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मनीष के खिलाफ भी मैनपुरी के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित कई मामलों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।घायल ऋषि को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, निरीक्षक अपराध तसव्वुर अली, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, सोनू कुमार, फैशल खान, ऋषभदेव भारद्वाज समेत थाना शिकोहाबाद पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।