Loading...

थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना बेवर में सुनी समस्याओं का किया निस्तारण-जिलाधिकारी

Gargachary Times 8 August 2026, 20:59 60 views
Mainpuri
थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना बेवर में सुनी समस्याओं का किया निस्तारण-जिलाधिकारी
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा के साथ थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना बेवर में जन-शिकायतें सुनने के दौरान राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को आदेशित करते हुए कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य भूमि संबंधी विवादों का निस्तारण उसी दिन थाने से पुलिस, राजस्व की संयुक्त टीम गठित का मौके पर भेज कर दोनों पक्षों की मौजूदगी में करना है। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी विवादों को चिन्हित कर थाना समाधान दिवस के अवसर पर दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित किया जाए, जो प्रकरण किसी भी न्यायालय में विचाराधीन है, उन पर मौके पर यथा-स्थिति बनाए रखी जाए, कहीं भी भूमि विवाद के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि एक बार पैमाइश, कब्जा दिलाने के बाद कई प्रकरणों में पुनः कब्जा करने की शिकायतें प्राप्त हो रही है, ऐसे प्रकरणों में राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारी कब्जा दिलाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराकर कठोर कार्यवाही की जाए। श्री त्रिपाठी ने तहसीलदार भोगांव को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने क्षेत्र के सभी थानों की भूमि राजस्व अभिलेखों में थाने के नाम दर्ज कराएं साथ ही अभियान के दौरान सभी सरकारी भवनों, कार्यालयांे को संबंधित विभाग के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी ग्राम सभा की भूमि कब्जामुक्त कराई जाए, उसे किसी न किसी विभाग के नाम आरक्षित किया जाए, जिस विभाग के नाम आरक्षित किया जाए है वह तत्काल कब्जा प्राप्त कर अपने पजेशन में ले। उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण करने के दौरान तहसीलदार, लेखपाल को आदेशित करते हुए कहा कि थाने की भूमि का चिन्हांकन कराकर संपूर्ण भूमि पर थाने को कब्जा दिलाए, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत बेवर थाने के पीछे वाले गेट के समीप 15वें वित्त से इंटरलॉकिंग का कार्य कराना सुनिश्चित करें। थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना बेवर में जिलाधिकारी के सम्मुख लालपुर नि. सर्वेश कुमार ने गाटा संख्या-1550 की पैमाइश कराये जाने, जलालपुर नि. आदेश कुमार ने गाटा संख्या-609 पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने, मु. महाजनान बेवर नि. ब्रह्मानंद गुप्ता ने पैमाइश के उपरांत दबंगों द्वारा मुड्डी तोड़ने, सराय मद्दू नि. बबली देवी ने गाटा संख्या-266 पर किए गए जबरन कब्जे को हटवाने, नवीगंज नि. कृष्णा देवी ने गाटा संख्या-264 पर किए गए अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, नगला केहरी नि. रोशन सिंह ने पैतृक भूमि पर दबंगों द्वारा किए गए कब्जे को हटवाने की मांग अपने शिकायतें प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होंने सभी प्रार्थना पत्रों पर संबंधित लेखपाल के नेतृत्व में पुलिस, राजस्व की टीम गठित कर मौके से भेजकर आज ही दोनों पक्षों की मौजूदगी में शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार भोगांव घासीराम, प्रभारी निरीक्षक बेवर अनिल कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24