Loading...

नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज में प्रतियोगिताओं का आयोजन

Gargachary Times 8 August 2026, 21:19 30 views
Firozabad
नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज में प्रतियोगिताओं का आयोजन
फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, फिरोजाबाद में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल के मार्गदर्शन तथा मानसिक रोग विभाग की विभागाध्यक्ष एवं नोडल अधिकारी डॉ. अरुशिखा सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिताओं में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने नशा मुक्ति के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। वहीं लघु नाटिका (नुक्कड़ नाटक) के जरिए नशे के कारण होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम में पारंपरिक नशे जैसे शराब, गांजा, भांग और चरस के साथ-साथ आधुनिक दौर की विभिन्न लतों पर भी चर्चा की गई। इनमें नींद की गोलियों का दुरुपयोग, सट्टेबाजी, गेमिंग और इंटरनेट की लत जैसे विषय शामिल रहे। वक्ताओं ने युवाओं से इन व्यसनों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल ने कहा कि नशा मुक्त भारत के निर्माण की शुरुआत सबसे पहले अपने घर और आसपास के वातावरण से करनी होगी। जब हम स्वयं जागरूक होंगे और अपने परिजनों व मित्रों को नशे से दूर रखने का प्रयास करेंगे, तभी स्वस्थ एवं विकसित भारत की कल्पना साकार हो सकेगी। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न (मेमेंटो) देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।इस अवसर पर डॉ. दीप्ति रजोरिया, विभागाध्यक्ष त्वचा रोग विभाग, डॉ. दिव्या चौधरी, सह आचार्य प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग, डॉ. अरुशिखा सिंह, विभागाध्यक्ष मानसिक रोग विभाग, डॉ. मनोज कुमार, विभागाध्यक्ष मेडिसिन विभाग तथा डॉ. भूपिंदर सिंह, सहायक आचार्य मेडिसिन विभाग सहित महाविद्यालय के अन्य चिकित्सक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Follow Samachar24