डीएम ने ग्लास म्यूजियम और बाबा नीब करौरी धाम का किया आकस्मिक निरीक्षण
Gargachary Times
8 August 2026, 21:23
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऑडिटोरियम, निर्माणाधीन ग्लास म्यूजियम तथा बाबा नीब करौरी धाम परिसर में बने मल्टीपर्पस हॉल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।ग्लास म्यूजियम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर के आसपास फैली झाड़ियों को तत्काल जेसीबी लगवाकर साफ कराने और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने म्यूजियम की प्रत्येक मंजिल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा निर्माणदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा कराए जा रहे कार्यों और डिजाइनिंग की जानकारी ली।
डीएम ने पर्यटकों और आगंतुकों की सुविधा के लिए म्यूजियम परिसर में आधुनिक कैफेटेरिया विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यान विभाग को आकर्षक डिजाइन के साथ बेहतर पौधरोपण कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्लास म्यूजियम आने वाले समय में जनपद की पहचान और विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बाबा नीब करौरी धाम परिसर में नवनिर्मित मल्टीपर्पस हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी, गेस्ट रूम, कैंटीन, डायनिंग हॉल और डॉर्मिटरी रूम की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।डीएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।