Loading...

हरियाली तीज और यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन सख्त, वृंदावन के केशी घाट का किया निरीक्षण

Gargachary Times 9 August 2026, 20:56 37 views
Mathura
हरियाली तीज और यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन सख्त, वृंदावन के केशी घाट का किया निरीक्षण
आगामी पावन हरियाली तीज पर्व एवं यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में वृंदावन स्थित प्रमुख केशी घाट का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार ने वृंदावन के प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान घाटों पर बैरिकेडिंग, नियमित निगरानी, दिशा-सूचक चिन्ह, चेतावनी बोर्ड और गोताखोरों की तैनाती जैसी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही, नौका विहार के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, विगत दिवसों से यमुना नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसके कारण नदी में जलकुम्भी बहकर आ रही है। इससे यमुना में संचालित बोट या स्टीमर में जलकुम्भी फंसने से किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए यमुना नदी में बोट और स्टीमर का संचालन आगामी आदेशों तक अवरुद्ध कर दिया गया है। सभी बोट व स्टीमर संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे इस अवधि में नदी में इनका संचालन बिल्कुल न करें। पुलिस और प्रशासन श्रद्धालुओं तथा परिक्रमार्थियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Follow Samachar24