Loading...

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद वृंदावन दौरे पर, वैजंती आश्रम में की पूर्णाहुति, श्री राधारमण मंदिर में टेका माथा

Gargachary Times 9 August 2026, 20:57 50 views
Mathura
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद वृंदावन दौरे पर, वैजंती आश्रम में की पूर्णाहुति, श्री राधारमण मंदिर में टेका माथा
देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने तीन दिवसीय वृंदावन दौरे के दौरान पूरी तरह अध्यात्म और ब्रज की भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। रविवार को वह सपरिवार प्रख्यात भागवत प्रवक्ता पुंडरीक महाराज के ज्ञान गुदड़ी स्थित वैजंती आश्रम पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। आश्रम पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले पुंडरीक महाराज के बाबा स्वर्गीय अतुल कृष्ण गोस्वामी और पिता स्वर्गीय श्रीभूति गोस्वामी की प्रतिमाओं पर पुष्पार्चन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति ने अपने आध्यात्मिक संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति और अध्यात्म ही देश की असली ताकत है, जो हमें जोड़ती है और जीवन जीने का सही मार्ग दिखाती है। उन्होंने प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण को भी भारतीय परंपरा का अहम हिस्सा बताया। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति ने आश्रम में विधि-विधान के साथ यज्ञ में पूर्णाहुति दी और देश में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की। यज्ञ अनुष्ठान के पश्चात उन्होंने आश्रम के बाहर गोपी संवाद स्थल पर सपरिवार वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान पुंडरीक महाराज ने पूर्व राष्ट्रपति को प्रेम और श्रद्धा के प्रतीक के रूप में तुलसी की माला, चांदी की गाय, पावन ब्रजरज और पवित्र श्रीमद्भागवत गीता भेंट की। आश्रम प्रवास के दौरान उन्होंने पुंडरीक महाराज के साथ भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और जीवन मूल्यों पर चर्चा भी की। वैजंती आश्रम के कार्यक्रमों के बाद पूर्व राष्ट्रपति पुंडरीक महाराज के साथ ऐतिहासिक श्री राधारमण मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने ठाकुर राधारमण जी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और समस्त देशवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। इसके पश्चात श्री निधिवन राज मंदिर एवं सेवाकुंज मंदिर जाने का अभी कार्यक्रम था लेकिन किन्हीं कारणवस यह कार्यक्रम रद्द हो गया। महामहिम के इस दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। आश्रम और सभी प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल लगातार निगरानी बनाए हुए था। इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान सुकृति गोस्वामी माता जी, गोपाल टोंटी, अक्षय भरतिया, देवेश, श्याम, लव कुमार, सिद्धार्थ, आर एन सिंह और रितिका गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Follow Samachar24