Loading...

कामिका एकादशी पर बांकेबिहारी मंदिर में उमड़ी भारी भीड़, प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया केशी घाट का जायजा

Gargachary Times 9 August 2026, 20:57 55 views
Mathura
कामिका एकादशी पर बांकेबिहारी मंदिर में उमड़ी भारी भीड़, प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया केशी घाट का जायजा
वृन्दावन। रविवार को कामिका एकादशी के पावन अवसर पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। चिलचिलाती धूप और उमस भरे मौसम के बीच श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में करीब दो घंटे तक का लंबा समय लगा। भारी भीड़ के दबाव के कारण विद्यापीठ से लेकर मंदिर तक अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। इस दौरान कई श्रद्धालुओं की तबीयत भी बिगड़ी, जिन्हें स्थानीय दुकानदारों ने पानी पिलाकर राहत पहुंचाई। भीड़ के भारी दबाव और बच्चों तथा महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस को बैरिकेडिंग कर स्थिति संभालनी पड़ी। दूसरी ओर, हरियाली तीज के पर्व को ध्यान में रखते हुए और यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने वृंदावन के केशी घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए किए गए इंतजामों की गहन समीक्षा की। उन्होंने मौके पर बैरिकेडिंग लगाने, सुरक्षा की नियमित निगरानी रखने, दिशा-सूचक चिन्ह और चेतावनी बोर्ड स्थापित करने के साथ-साथ गोताखोरों की मुस्तैदी से तैनाती सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। एकादशी की रात से ही परिक्रमार्थियों की भारी भीड़ जुटने लगी थी, लेकिन यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण परिक्रमा मार्ग पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर निगम द्वारा केशी घाट पर बैरिकेडिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, क्योंकि यमुना के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से खादर क्षेत्र के निवासियों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
Follow Samachar24