Loading...

फिरोजाबाद में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ, 400 से अधिक लोगों ने ली शपथ

Gargachary Times 9 August 2026, 21:01 69 views
Firozabad
फिरोजाबाद में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ, 400 से अधिक लोगों ने ली शपथ
फिरोजाबाद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से राष्ट्रव्यापी ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ का शुभारंभ फिरोजाबाद में किया गया। ज्योति भवन, कैलादेवी मंदिर के सामने स्थित ब्रह्माकुमारीज केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में 400 से अधिक लोगों ने नशामुक्त जीवन जीने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा ली।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिला जज श्याम बाबू रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती और नगर निगम की आरती रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीके सरिता दीदी ने की। इस दौरान सीनियर सीए राकेश गोयल, सीनियर एडवोकेट मनोज शर्मा, बीके अंजना, बीके खुशी, बीके सपना, रिंकी, ओमलता, मधु, माधुरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए तंबाकू, सिगरेट, शराब, ड्रग्स और पान आदि के प्रतीकात्मक पात्रों पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। नाटिका ने लोगों को मनोरंजन के साथ नशे के दुष्प्रभावों पर गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित किया।मुख्य अतिथि अपर जिला जज श्याम बाबू ने नशामुक्ति के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं नशामुक्ति की प्रतिज्ञा लेने के साथ कम से कम पांच अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज की सकारात्मक सोच और संकल्प आधारित गतिविधियों की सराहना की।जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए उनका विभाग भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रहा है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज की पहल को सराहनीय बताते हुए संस्था को सहयोग का भरोसा दिलाया। सीए राकेश गोयल ने नशे के प्रत्यक्ष रूपों के साथ उसके सूक्ष्म रूपों से भी सावधान रहने की बात कही। वहीं सीनियर एडवोकेट मनोज शर्मा ने तंबाकू के मंजन का सेवन छोड़ने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं बीके सरिता दीदी ने कहा कि नशे की लत से सबसे अधिक नुकसान परिवार को होता है। नशे की आदत पूरी करने के लिए कई बार लोग अपराध की ओर भी बढ़ जाते हैं। उन्होंने समाज से नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।बीके अंजना बहन ने कार्यक्रम में मौजूद 400 से अधिक लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रामशंकर राठौर ने किया।बीके सरिता दीदी ने बताया कि फिरोजाबाद में अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय विभागों और धार्मिक संस्थाओं सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक 25 से अधिक स्थानों पर युवाओं और विद्यार्थियों समेत अन्य लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई जा चुकी है। अभियान आगामी 20 अगस्त तक जारी रहेगा।
Follow Samachar24