झारखंड विधानसभा गेट के पास पहुंचे आंदोलनकारी छात्र, बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले दागे
Gargachary Times
10 August 2026, 17:00
54 views
Delhi
रांची में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग को ही सीढ़ी बना दिया. प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग के सहारे सुरक्षा घेरा पार किया और विधानसभा के करीब तक पहुंच गए. बड़ी संख्या में छात्रों के इस तरह आगे बढ़ने से मौके पर तनाव बढ़ गया. विधानसभा की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों ने छात्रों को रोकने का प्रयास किया. प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे. छात्रों के लगातार सुरक्षा घेरे के करीब पहुंचने के कारण पुलिस के सामने स्थिति नियंत्रित करने की चुनौती बनी रही. मौके पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई.
रांची में विधायक जयराम महतो ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में छात्रों का मुद्दा उठाया है. उनके मुताबिक 20 हजार से अधिक छात्र विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से भी उनकी बातचीत हुई है. जयराम महतो ने कहा कि सरकार छात्रों की कई मांगों को मान रही है, लेकिन मूल मांग CGL परीक्षा और JSSC से जुड़े मुद्दों के साथ CBI जांच पर सहमति नहीं बन पा रही है. उन्होंने कहा कि यह छात्रों की लड़ाई है और छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, छात्र आंदोलन जारी रखेंगे और कल भी विधानसभा के पास डटे रहेंगे.