एम.एस.एम.ई. योजनाओं पर आधारित कार्यशाला में उपस्थित विभिन्न योजनाओं
Gargachary Times
10 August 2026, 17:13
58 views
Mainpuri
मैनपुरी - उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन के तहत उद्यमी लॉन्चपैड के अंतर्गत एम.एस.एम.ई. योजनाओं पर आधारित कार्यशाला में उपस्थित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं, उद्यमियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने युवाओं का आव्हान करते हुए कहा कि केवल नौकरी पाने की सोच न रखें बल्कि स्वयं उद्यम स्थापित कर दूसरों को रोजगार देने का लक्ष्य बनाएं, सरकार ने युवाओं को स्व-रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं, आवश्यकता सही दिशा, कौशल, ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर मेहनत की है। उन्होने कार्यशाला में युवाओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, विश्वकर्मा योजना तथा अन्य स्व-रोजगार योजनाओं से लाभान्वित युवाओं से फीडबैक प्राप्त किया, युवाओं से भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तो बड़ी संख्या में युवाओं ने भविष्य में अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा जताई, जिस पर उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक सोच है, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का उद्देश्य युवाओं को रोजगार खोजने के बजाय उद्यम स्थापित कर रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर केवल सरकारी क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, युवा अपनी क्षमता और कौशल के आधार पर स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं, सफलता के लिए केवल डिग्री या प्रतिभा पर्याप्त नहीं बल्कि काम के प्रति प्रतिबद्धता, ईमानदारी और अनुशासन जरूरी है, शिक्षा व्यक्ति को मेहनत, संघर्ष, प्रतिस्पर्धा और अनुशासन के लिए तैयार करती है, यही गुण आगे चलकर नौकरी, व्यवसाय अथवा उद्यमिता के क्षेत्र में सफलता का आधार बनते हैं।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार के रास्ते खुले हैं, युवाओं को व्यवसाय के विकल्प, परियोजना तैयार करने, आवेदन प्रक्रिया तथा वित्तीय सहायता प्राप्त करने में मार्ग-दर्शन प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऋण का विवेकपूर्ण उपयोग करें, बैंक से मिलने वाली धनराशि व्यक्तिगत खर्च के लिए नहीं बल्कि व्यवसाय को खड़ा करने और आगे बढ़ाने के लिए है, युवा शुरुआती वर्षों में व्यवसाय से होने वाली आय का एक हिस्सा पुनः व्यवसाय में लगाएं, अनावश्यक खर्च से बचें और ऋण की समय से अदायगी करें, व्यवसाय मजबूत होने पर आगे अधिक निवेश और विस्तार के अवसर मिल सकते हैं। उन्होने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है, तारकशी, जरी-जरदोजी सहित विभिन्न पारंपरिक कार्यों में रोजगार, उद्यमिता की पर्याप्त संभावनाएं हैं, विश्वकर्मा योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, सिलाई, कढ़ाई, लोहार, कुम्हार सहित विभिन्न ट्रेडों में कौशल प्राप्त कर युवा एवं महिलाएं अपना व्यवसाय कर रहे है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा के प्रयास जारी रखें लेकिन सफलता न मिलने पर निराश न हों, अपने कौशल और रुचि के अनुरूप स्व-रोजगार का विकल्प अपनाएं, अपने कैरियर के अगले पड़ाव के लिए उपलब्ध सभी विकल्पों पर विचार करें, नई स्किल सीखें, बड़े शहरों में सीमित आय पर काम करने के बजाय अच्छा व्यवसाय स्थापित कर परिवार के साथ रहते हुए आय अर्जित करने की दिशा में कार्य करें, सामाजिक एवं आर्थिक दोनों स्तर पर लाभ होगा।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को सक्षम, आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाना है और इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होने एम.एस.एम.ई. योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध अवसरों, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, ओ.डी.ओ.पी., मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना, एम.एस.एम.ई. नीति एवं अन्य योजनाओं, प्रतिभागियों को परियोजना तैयार करने, आवेदन करने, बैंक से वित्त पोषण प्राप्त करने, व्यवसाय शुरू करने तथा उसे आगे बढ़ाने, योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभागों को एम.एस.एम.ई. ऋण एवं डिस्बर्समेंट, वेरिफिकेशन, व्यवसाय की पहचान, बाजार की संभावनाओं, आवेदन की जांच की प्रक्रिया की विस्तार से चर्चा की।
जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनान्तर्गत कुसुमलता पाल को जनसेवा केन्द्र हेतु रू. 04 लाख, राहुल राजपूत को नर्सरी कार्य हेतु रू. 05 लाख तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत हलवाई ट्रेड में कु. मोनी, वीरपाल को टूलकिट उपलब्ध करायी। इस दौरान उपायुक्त उद्योग डा. बनवारी लाल, अग्रणी जिला प्रबन्धक रामचन्द्र शाहा, सहायक आयुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द्र, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी पवन यादव आदि उपस्थित रहे।