Loading...

कलेक्ट्रेट परिसर में ‘अन्नदा प्रेरणा कैंटीन’ का शुभारंभ किया- जिलाधिकारी

Gargachary Times 10 August 2026, 17:14 62 views
Mainpuri
कलेक्ट्रेट परिसर में ‘अन्नदा प्रेरणा कैंटीन’ का शुभारंभ किया- जिलाधिकारी
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में ‘अन्नदा प्रेरणा कैंटीन’ का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने कहा कि अन्नदान को श्रेष्ठ दान माना गया है, दूर-दराज से विभिन्न कार्यों के लिए कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों को भोजन के लिए परेशान न होना पड़े, इसी उद्देश्य से जन-सहयोग से यह पहल शुरू की गई है। उन्होने कहा कि पूर्व में कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों के लिए गुड़-पानी की व्यवस्था की जाती थी लेकिन आवश्यकता को देखते हुए व्यवस्था को और बेहतर करने का निर्णय लिया गया, इसी क्रम में ‘अन्नदा प्रेरणा’ अभियान के तहत पहली कैंटीन की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में औरैया में वह तैनात रहे, वहां भी ऐसी 05 कैंटीन संचालित की गई थीं, अब मैनपुरी में भी धीरे-धीरे सभी तहसीलों में इस प्रकार की कैंटीन शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्नदा प्रेरणा कैंटीन में मात्र रू. 10 में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, स्वयं सहायता समूह की दीदीयों के द्वारा भोजन तैयार किया जाएगा, कैंटीन के निर्धारित मेन्यू में छोला-चावल, राजमा-चावल और कढ़ी-चावल शामिल होंगे, कलेक्ट्रेट आने वाला कोई भी व्यक्ति, चाहे वह ग्रामीण क्षेत्र से आया हो अथवा किसी अन्य स्थान से मात्र रू. 10 में भरपेट भोजन कर सकेगा। श्री त्रिपाठी ने बताया कि कैंटीन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 03.30 बजे तक संचालित होगी, इस दौरान कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों की संख्या चाहे 100, 200, 300 अथवा 400 हो सभी को भोजन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, कैंटीन का संचालन कार्य-दिवसों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल सस्ता भोजन उपलब्ध कराना नहीं बल्कि जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना भी है, जन-सहयोग और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी से संचालित यह पहल सामाजिक सरोकार और प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण बनेगी। प्रेरणा कैंटीन में सोमवार को कढ़ी चावल, मंगलवार को छोले-चावल, बुधवार को राजमा-चावल, गुरुवार को कढ़ी-चावल, शुक्रवार को छोले-चावल, शनिवार को राजमा-चावल मिलेगा, अवकाश के दिन कैंटीन बंद रहेगी। जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने ‘अन्नदा प्रेरणा कैंटीन’ की शुरुआत को सराहनीय और जन-हितकारी पहल बताते हुए जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट में दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं, कई बार लोग सुबह से ही कलेक्ट्रेट पहुंच जाते हैं और भोजन की उचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में प्रत्येक व्यक्ति के लिए रू. 100 से 200 खर्च कर भोजन करना संभव नहीं होता, ऐसे में मात्र रू. 10 में स्वच्छ, सात्विक और भरपेट भोजन उपलब्ध कराना बेहद अच्छी सोच और संवेदनशील पहल है, इससे जरूरतमंद लोगों की जेब पर भी अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा और उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था कलेक्ट्रेट से शुरू होकर जनपद की सभी तहसीलों तक पहुंचेगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने जिलाधिकारी की इस नेक पहल के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, डिप्टी कलेक्टर विकल्प, परियोजना निदेशक शोभनाथ चौरसिया, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डा. श्वेता सैनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, जिला आबकारी अधिकारी हितेंद्र शेखर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हरेंद्र सिंह, पर्यटन फेलो जुबैर अहमद, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, सौम्य वर्धन, रोहित दुबे, वीरेश पाठक, राजेंद्र कुमार, अनुज कुमार के अलावा कोषाध्यक्ष डॉ विमल पांडेय, जिला महामंत्री ओम जी दुबे, समूह की महिला ममता देवी, शांति देवी, हेमलता, रेखा देवी, कल्पना देवी, अधिवक्तागण, पत्रकार आदि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24