Loading...

मेडिकल कॉलेज में गूंजे देशभक्ति, नशामुक्ति और विभाजन की पीड़ा के स्वर

Gargachary Times 10 August 2026, 21:20 87 views
Firozabad
मेडिकल कॉलेज में गूंजे देशभक्ति, नशामुक्ति और विभाजन की पीड़ा के स्वर
फिरोजाबाद। आगामी स्वतंत्रता दिवस, नशामुक्ति और विभाजन विभीषिका की स्मृति को लेकर स्वशासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में सेवा पथ जनकल्याण समिति के सहयोग से कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कवियों ने हास्य, श्रृंगार, ओज और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कविताओं के माध्यम से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की निदेशक कल्पना राजौरिया ने मां सरस्वती की वंदना के साथ किया। इसके बाद कवि धर्मेंद्र शर्मा ने श्रृंगार रस की रचनाएं प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रेम और समर्पण की भावना इंसान को हर परिस्थिति से लड़ने की शक्ति देती है। मोहित चतुर्वेदी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। हास्य कवि लटूरी लट्ठ ने अपनी व्यंग्यात्मक प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। उनकी रचनाओं पर श्रोता देर तक ठहाके लगाते रहे। वहीं कवि विष्णु उपाध्याय ने विभाजन की पीड़ा और बिछड़ने के दर्द को अपनी मार्मिक कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया। उनकी कविता में मां की उस पीड़ा को स्वर दिया गया, जो अपने बिछड़े लाल को तलाशती रह गई, लेकिन उसे अंतिम बार देखने का अवसर भी नहीं मिला। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। कवि सुबोध ने बदलते सामाजिक मूल्यों, आस्था और विश्वास पर व्यंग्य करते हुए अपनी रचनाएं सुनाईं। मंजुल मयंक ने राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों पर व्यंग्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं यशपाल ‘यश’ ने युवा चेतना और स्वामी विवेकानंद के विचारों से जुड़ी रचना प्रस्तुत की। कवि सम्मेलन का संचालन प्रोफेसर अजर बिहारी चौबे ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वशासकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल ने की। संस्था अध्यक्ष गौरव दत्त बंसल ने कवियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। इस अवसर पर संस्था के प्रदेश अध्यक्ष गौरव दत्त बंसल, प्रदेश सचिव सीमा गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रकाश जैन, राहुल जैन एमआर, गौरव अग्रवाल, प्रियंका गुप्ता, राजीव बंसल, कुलदीप गुप्ता, डॉ. कविता अग्रवाल सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
Follow Samachar24