युवा उद्यमी योजना में सुस्ती पर डीएम सख्त, बैंकों को 72 घंटे का अल्टीमेटम
Gargachary Times
10 August 2026, 21:22
69 views
Firozabad
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बैंकों पर कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की बैंकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों को तीन दिन यानी 72 घंटे के भीतर स्थिति सुधारने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों के खिलाफ प्रशासनिक एवं दंडात्मक कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बैठक में जिले के सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों के शाखा प्रबंधक व अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान सामने आया कि योजना के तहत बैंकों को भेजे गए 1,279 आवेदनों में से 357 को स्वीकृति मिली, जबकि 387 आवेदनों में ऋण वितरण किया गया। वहीं 644 आवेदन निरस्त किए गए। जुलाई 2026 तक जिले का लक्ष्य 775 के सापेक्ष कुल उपलब्धि 20.37 प्रतिशत रही, जिसे जिलाधिकारी ने अत्यंत असंतोषजनक बताया।
एसबीआई की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
लीड बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने विशेष नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लीड बैंक होने के नाते एसबीआई को योजना के क्रियान्वयन में नेतृत्वकारी भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन उसकी प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। डीएम ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने और योजना की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिना ठोस और वैधानिक कारण के बड़ी संख्या में युवाओं के ऋण आवेदन निरस्त करना गंभीर विषय है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र युवाओं के आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैंकों की स्थिति
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का वार्षिक लक्ष्य 332 के सापेक्ष उपलब्धि 25 प्रतिशत रही। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने 307 के लक्ष्य के सापेक्ष 32.25 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की। केनरा बैंक की उपलब्धि 18.15 प्रतिशत, पंजाब नेशनल बैंक की 13.28 प्रतिशत, बैंक ऑफ बड़ौदा की 17.07 प्रतिशत तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की उपलब्धि 10.71 प्रतिशत रही।
जिले का वार्षिक लक्ष्य 1,900 निर्धारित है। इसके सापेक्ष 357 आवेदन स्वीकृत, 387 वितरित और 644 आवेदन निरस्त किए गए हैं।डीएम संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप यह योजना युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि तीन दिन बाद योजना की दोबारा समीक्षा की जाएगी और अपेक्षित सुधार नहीं मिलने पर उच्चाधिकारियों एवं शासन को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।